आपका पुनर्चक्रण अपशिष्ट मायने क्यों रखता है
Last updated: 23 जून 2020विक्टोरियावासी बहुत अच्छे पुनर्चक्रणकर्ता हैं। लेकिन पुनर्चक्रण हमारे लिए और पर्यावरण के लिए इतना महत्वपूर्ण क्यों होता है?
हमारे पास जो पहले से है, उससे अधिक से अधिक उपयोगिता प्राप्त करने के अलावा भी पुनर्चक्रण में बहुत कुछ निहित होता है।
पुनर्चक्रण शक्ति है
पुनर्चक्रण में काफी शक्ति संचित हो सकती है। वास्तव में काँच के एक जार का पुनर्चक्रण करने से 4 घंटों के लिए 100-वॉट के एक प्रकाश बल्ब या 20 घंटों के लिए एक फ्लुओरेसेंट बल्ब को जलाए रखने के लिए पर्याप्त बिजली की बचत हो सकती है।
पुनर्चक्रण से ऊर्जा की बचत भी होती है, क्योंकि नई सामग्रियों से उत्पाद बनाने की तुलना में पुनर्चक्रण-योग्य सामग्रियों से उत्पाद बनाए जाने में कम ऊर्जा का उपयोग होता है। बिल्कुल शुरुआत से एक पेय कैन बनाने के लिए आवश्यक ऊर्जा की तुलना में पुनर्चक्रित एलुमिनियम से नया पेय कैन बनाने में केवल 5% ऊर्जा का उपयोग होता है।

पुनर्चक्रण से कच्चे माल का उपयोग कम होता है
लोहे का अयस्क और तेल जैसी सामग्रियाँ कच्चा माल होती हैं। जब ज़मीन से निकालकर उपयोग के लिए इनका प्रसंस्करण किया जाता है, तो इससे वायु और जल प्रदूषण होता है जो हमारे पर्यावरण के लिए एक बहुत बड़ी समस्या है।
पुनर्चक्रित सामग्री से उत्पाद और पैकेजिंग बनाने में इन कच्चे मालों का उपयोग बहुत कम होता है, जिससे पर्यावरण पर कम नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
पुनर्चक्रण से लैंडफिल में भरे जाने वाले अपशिष्ट की मात्रा कम होती है
आपके द्वारा यथासंभव सभी वस्तुओं का पुनर्चक्रण किए जाने से लैंडफिल में भरे जाने वाले कचरे की मात्रा काफी कम हो जाती है। आप अनेकों उपयोगी वस्तुओं को ज़मीन में दबाकर व्यर्थ चले जाने से बचा सकते/सकती हैं, जिसके परिणामस्वरूप ये वस्तुएँ किसी अन्य व्यक्ति के लिए उपयोगी हो सकती हैं या इनसे नए उत्पाद बनाए जा सकते हैं।
2015-16 में विक्टोरिया में उत्पन्न हुए 12.7 मिलियन टन कचरे में से पुनर्चक्रण के परिणामस्वरूप 8.5 मिलियन टन कचरे को लैंडफिल में जाने से बचाया गया।
कोरैंगमाइट लैंडफिल

पुनर्चक्रण करने से लाभ मिलता है
अपशिष्ट और पुनर्चक्रण से विक्टोरिया में 12,000 लोगों को रोजगार मिलता है।
इसलिए आपके पुनर्चक्रण करने से स्थानीय व्यवसायों को समर्थन मिलता है और उन्हें विक्टोरिया में ही और भी अधिक सामग्रियों के पुनर्चक्रण के लिए नई तकनीकों का विकास करने में सहायता मिलती है।
